हिसार। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त एसआई महाबीर सिंह के बैग से चोर सोने के 24 तोले और 400 ग्राम चांदी के जेवरात चुराकर कर ले गए। चोरी हुए जेवरातों की कीमत 21 लाख रुपये बताई जा रही है। राजकीय रेलवे थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
रेलवे पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के गांव धमाना निवासी और पुलिस से सेवानिवृत्त एसआई महाबीर ने बताया कि 6 फरवरी को पत्नी के साथ भिवानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। यहां से रेवाड़ी जाना था। भिवानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर हिसार से जयपुर जाने वाले ट्रेन का इंतजार करने लगे। महाबीर ने बताया कि हमारे पास एक बैग था और उस बैग के अंदर एक लेडीज बैग था। बैग के अंदर सोने के 24 तोले और 400 ग्राम चांदी के जेवरात थे। जब ट्रेन में चढ़ने लगे तो चोर बैग की चेन खोलकर अंदर रखा हुआ लेडीज बैग चुराकर ले गए। बाद में जब बैग संभाला तो चोरी का पता चला।
...................................................
बस से लैपटॉप ले गए चोर
हिसार। शहर के बस स्टैंड से बस में सवार होकर सिरसा जा रहे युवक का किसी ने लैपटॉप चोरी कर लिया। इस संबंध में बालसमंद गांव के सोनू ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
बालसमंद निवासी सोनू ने बताया कि वह गुरुग्राम में नौकरी करता है। सात फरवरी को हिसार के बस अड्डे से सिरसा जाने वाली बस में सुबह 11 बजे सवार हुआ था। बैग में लैपटॉप और चार्जर था। बैग सीट के ऊपर सामान रखने वाले रैक पर रख दिया। बस जब अनाज मंडी के गेट के पास पहुंची तो देखा तो रैक पर लैपटॉप वाला बैग नहीं था। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
.............................................
पंजाबी धर्मशाला से मोबाइल फोन और नकदी चोरी
हिसार। सेक्टर 14 स्थित पंजाबी धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चोर मोबाइल फोन और हजारों की नकदी चुराकर ले गया। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू योग नगर निवासी साहिल ने बताया कि शनिवार को रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए सेक्टर 14 स्थित पंजाबी धर्मशाला में आया था। मोबाइल फोन की बैटरी कम होने के बाद धर्मशाला के अंदर चार्जर में लगा दिया। थोड़ी देर के बाद मोबाइल फोन संभाला तो गायब था। फोन के कवर के अंदर 7500 की नकदी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।