नारनौंद अनाज मंडी के वेयर हाउस के गोदाम कीपर ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को हांसी के शवगृह में रखवा दिया है। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वार्ड 11 निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई 37 वर्षीय सत्येंद्र वेयर हाउस कारपोरेशन बरवाला में गोदाम कीपर के पद पर तैनात था। करीब 10 दिन से अनाज मंडी नारनौंद में बतौर पर्चेजर अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहा था। दो दिन से उसका भाई मानसिक रूप से परेशान था। उसने फोन कर अपनी परेशानी के बारे में अपने परिवार के लोगों को बताया तो उन्होंने उसे काफी समझाया। रविवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे सत्येंद्र ने फोन कर बताया कि उसके ऊपर दुकान नंबर 17 के मालिक कुलदीप गौतम, दुकान नंबर आठ के मालिक वेद प्रकाश उर्फ बेदड़ और उसके साथ तैनात कर्मचारी रविंद्र मिलकर उच्च अधिकारियों को उसकी झूठी शिकायत कर रहे हैं। इन तीनों से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इन तीनों ने उसके भाई को ड्यूटी के दौरान प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने राजेश के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 व 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई के बयान पर तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जसवीर सिंह, थाना प्रभारी नारनौंद।