हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से ग्लोबल आईटी कंपनी इंफोसिस का दो दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव सोमवार को शुरू हुआ। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार मुख्यातिथि रहे, जबकि कुलपति के तकनीकी सलाहकार प्रो. विनोद छोकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अध्यक्षता ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की।
कुलसचिव ने विद्यार्थियों को नवाचार और कड़ी मेहनत के माध्यम से सफलता हासिल करने का आह्वान किया। तकनीकी सलाहकार प्रो. छोकर ने प्लेसमेंट प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। इंफोसिस के एसोसिएट हर्षदीप सिंह बत्रा ने कंपनी के वर्क कल्चर और चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न तकनीकी पदों पर वार्षिक पैकेज 7 लाख से 21 लाख रुपये तक हैं, साथ ही कई पदों पर जॉइनिंग बोनस भी मिलेगा।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने इसे विद्यार्थियों के लिए करियर की शानदार शुरुआत बताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, सहायक निदेशक और विद्यार्थियों ने सक्रिय भाग लिया। संवाद