हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस (एचएसबी) के पहले वर्ष के एमबीए छात्र राहुल ने उद्यमिता के क्षेत्र में बड़ी सफलता प्राप्त की है। उन्हें हरियाणा सरकार के उद्योग और वाणिज्य विभाग द्वारा स्टार्टअप हरियाणा से स्वरोजगार के लिए 8.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली है।
विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने राहुल की उपलब्धि को जीजेयू के उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र का परिणाम बताया और कहा कि इस प्रकार की सफलताएं अन्य छात्रों को नवाचार और उद्यमिता में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय लगातार एक ऐसा वातावरण विकसित कर रहा है जो विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करता है और उन्हें आत्मनिर्भर व नवाचारी बनाता है।
एचएसबी के निदेशक प्रो. संजीव कुमार ने इसे केवल शुरुआत बताया और कहा कि भविष्य में और भी विद्यार्थी इसी तरह की सफलताएं प्राप्त करेंगे। पीडीयूआईआईसी के निदेशक प्रो. ओमप्रकाश सांगवान ने कहा कि केंद्र के निरंतर प्रयास अब सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। राहुल का स्टार्टअप सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए डेटा-आधारित विश्लेषण और उपभोक्ता व्यवहार की गहरी समझ प्रदान करता है। इसका उद्देश्य भारतीय उद्यमों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सशक्त बनाना और मेक इन इंडिया पहल को सशक्त करना है।