पंचकूला स्थित स्वर्ण जयंती भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्रियान्वयन उत्कृ
हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) को हरियाणा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उत्कृष्टता स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार पंचकूला स्थित स्वर्ण जयंती भवन में आयोजित समारोह के दौरान हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को प्रदान किया।
यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य उच्चत्तर शिक्षा परिषद् द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश भर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य एवं निजी विश्वविद्यालयों, राजकीय महाविद्यालयों तथा सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों को सम्मानित किया गया।
हरियाणा राज्य उच्चत्तर शिक्षा परिषद के अनुसार इस पुरस्कार का उद्देश्य उन शैक्षणिक संस्थानों को पहचान देना है, जिन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने में उल्लेखनीय प्रगति और प्रभावी कार्यान्वयन किया है। कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने जीजेयू में एनईपी 2020 के सफल क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव और उपलब्धियां साझा कीं।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि के लिए पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान एनईपी के नोडल अधिकारी प्रो. देवेंद्र कुमार, डिप्टी नोडल अधिकारी डॉ. महावीर प्रसाद, एनईपी सेल की समिति के सदस्यों, शैक्षणिक शाखा के सहायक कुलसचिव अशोक कौशिक एवं उनकी टीम के साथ-साथ सभी अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों और विभागीय समन्वकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में वर्ष 2021 में विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई। दूसरे चरण में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों तथा अन्य विभागों के लिए एनईपी के अंतर्गत पाठ्यक्रम (करिकुलम) डिजाइन किए गए। तीसरे चरण में इंजीनियरिंग विभागों के लिए नीति के अनुरूप फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है।