हिसार। टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने देश में 73वां और विश्व में 1201-1500वां स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि टाइम्स ने प्रतिष्ठित टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में 115 देशों और क्षेत्रों के 2,000 से अधिक संस्थानों की रैंकिंग की है। इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में अपनी उपस्थित दर्ज कराने वाला जीजेयू हरियाणा का एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय बना है।
कुलपति ने बताया कि भारत के विश्वविद्यालय अब पहली बार अमेरिका के बाद दूसरे सबसे अधिक रैंकिंग वाले विश्वविद्यालय बने हैं। यह रैंकिंग पांच प्रमुख संकेतकों पर आधारित रही, जिन्हें पांच क्षेत्रों शिक्षण, शोध वातावरण, शोध गुणवत्ता, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण में बांटा गया। जीजेयू का विश्वविद्यालय कुल स्कोर 2025 में 25.2-30.6 से बढ़कर 2026 में 27.3-32.6 हो गया है। विश्वविद्यालय ने शिक्षण में 31.5, शोध वातावरण में 11.4, शोध गुणवत्ता में 49.9, उद्योग में 32.3 और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण में 18.3 अंक हासिल किए हैं। प्रो. बिश्नोई ने यह भी बताया कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। जीजेयू को एनआईआरएफ-इंडिया रैंकिंग 2025 के 10वें संस्करण में सार्वजनिक विश्वविद्यालय श्रेणी में 32वां स्थान, फार्मेसी श्रेणी में 49वां, प्रबंधन श्रेणी में 101-125वां और विश्वविद्यालय श्रेणी में 101-150वां स्थान, एसडीजी श्रेणी में 11-50वां स्थान, इंजीनियरिंग में 201-300वां स्थान और देश में समग्र श्रेणी में 151-200वां स्थान मिला है।