गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को देश के उन उच्च शिक्षण संस्थानों की सूचि में शामिल किया है जिन्हें ऑनलाइन कोर्स शुरू करने की अनुमति मिली है। गुजवि अब पूर्ण रूप से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम एंड ऑनलाइन प्रोग्राम रेगुलेशन 2020 के तहत ऑनलाइन कोर्स शुरू कर सकेगा। इसके लिए विश्वविद्यालय को अलग से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो द्वारा जारी सूची अनुसार गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार बैचलर ऑफ कॉमर्स जनरल तथा ह्युमन रिसोर्स (एचआर) व मार्केटिंग में एमबीए ऑनलाइन मोड में करवा सकेगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बताया कि इस सूचि में देशभर के कुल 37 उच्च शिक्षण संस्थान शामिल किए हैं जिनमें गुजवि प्रदेश का एकमात्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय है। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि ऑनलाइन कोर्स वर्तमान समय की मांग हैं। कोरोना महामारी ने ऑनलाइन शिक्षा के महत्व को और अधिक बढ़ा दिया है। दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. ओपी सांगवान ने बताया कि ऑनलाइन कोर्सों की अवधि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार ही होगी। ऑनलाइन कोर्सों में दाखिला लेने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2021 निर्धारित की गई है।