जीजेयू में चल रही छठी इंटर कॉलेज एथलीट (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप के दूसरे दिन हुई हरियाणा स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में जीजेयू की टीम ने पन्नीवाला मोटा के सीडीएलएस आईईटी कॉलेज की टीम को शिकस्त देकर विजेता बनी। वहीं 10000 मीटर दौड़ में यूटीडी के राजेश कुमार ने प्रथम, ओआईटीएम जुगलान के पवन ने द्वितीय तथा यूटीडी के सुशील ने तीसरा स्थान हासिल किया।
जीजेयू के खेल परिसर मेें हुए परंपरागत खेल पिट्ठू, हरियाणा स्टाइल कबड्डी व खुला दंगल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। खेल निदेशक डॉ. एसबी लुथरा ने बताया कि खुला दंगल प्रतियोगिता में ओआईटीएम जुगलान का विजय प्रथम तथा यूटीडी के शैलेश ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के वर्ग में रस्साकसी प्रतियोगिता में यूटीडी की टीम प्रथम व ओआईटीएम जुगलान की टीम द्वितीय तथा लड़कियों में यूटीडी की टीम प्रथम व जेसीडी सिरसा की टीम द्वितीय स्थान पर रही। 800 मीटर दौड़ में यूटीडी के राजेश कुमार ने पहला, जेसीडी सिरसा के बीरसिंह ने दूसरा तथा शमशेर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में यूटीडी की नीरू ने प्रथम, वंदना ने द्वितीय तथा सपना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कमलदीप बने साइकिल दौड़ के विजेता
विश्वविद्यालय के कर्मचारी वर्ग के लिए साइकिल दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया गया। पुरुष वर्ग में हुई दौड़ में कमलदीप ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं दयाराम ने दूसरा तथा राजीव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला कर्मचारी वर्ग की साइकिल दौड़ प्रतियोगिता में सीमा ने पहला, वंदना ने दूसरा तथा मीनाक्षी ने तृतीय स्थान हासिल किया।