हांसी। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से पुलिस ने गांव घिराय में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया। इसमें गांव घिराय, सुलखनी, राजली व खानपुर की कुल 4 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में घिराय ने खानपुर को हराकर जीता। लड़कियों की प्रतियोगिता में गावं घिराय, निर्मल स्पोर्ट्स एकेडमी, पंघाल की टीमों ने भाग लिया।
कम्युनिटी पुलिसिंग के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सेमीफाइनल में घिराय व राजली और सुलखनी व खानपुर की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। फाइनल मुकाबला गांव घिराय और खानपुर की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें घिराय की टीम ने 35-31 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। लड़कियो के फाइनल मुकाबले में घिराय व निर्मल स्पोर्ट्स अकेडमी के बीच हुआ। जिसमें निर्मल स्पोर्ट्स अकेडमी ने 28-26 से जीत हासिल की।
विजेता टीम को हांसी पुलिस की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एएसआई दीपक कुमार ने ग्रामीणों, खिलाड़ियों और युवाओं को नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।