हिसार। शहर के दिल्ली रोड पर आईजी कार्यालय से सिरसा चुंगी तक सड़क किनारे फुटपाथ पर अनेकों जगहों पर कब्जे हो रखे हैं। हालात ये है कि फुटपाथ पर जनरेटर रखे हुए हैं। साथ ही रेहड़ी व निजी टैक्सी वालों ने भी कब्जा किया हुआ है। ऐसे में पैदल चलने वालों को फुटपाथ के बजाय सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं संबंधित विभाग इसे लेकर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
बता दें कि अमर उजाला ने अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ को लेकर फुटपाथ हमारा हक नाम से अभियान शुरू किया है। इसी को लेकर रविवार को अमर उजाला संवाददाता ने आईजी चौक से सिरसा चुंगी तक जायजा लिया। इस दौरान जगह-जगह फुटपाथ पर कब्जे मिले।
यहां-यहां हो रखा है अतिक्रमण
पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान के साथ बने फुटपाथ को निजी टैक्सी वालों ने पार्किंग स्थल बना रखा है। अग्रसेन चौक के पास भी फुटपाथ को पार्किंग स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि यहां मार्केट की पार्किंग की जगह पर कार बाजार सजा हुआ है। अग्रसेन चौक से पारिजात चौक तक फुटपाथ पर दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ है। वहीं गुरुद्वारे के पीछे बने रोड के फुटपाथ पर फड़ वालों ने कब्जा कर रखा है। पारिजात चौक से तालाकी गेट तक दुकानदारों ने सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है। इस सामान में जनरेटर भी शामिल है। इसके बार तालाकी गेट से सिरसा चुंगी तक फुटपाथ पर ज्यादातर रेहड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है।
यह कहना है लोगों का
शहर में फुटपाथ पर कब्जा नहीं होना चाहिए। अगर फुटपाथ पर कब्जा होगा तो पैदल चलने वाले कहां चलेंगे। सड़कों पर पहले से ही वाहनों का इतना बोझ है। -प्रवीण सिंघल, संरक्षक, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 14 पार्ट टू
शहर में फुटपाथ पर पार्किंग सिस्टम नहीं होना चाहिए। सड़कों के किनारे जितने भी बड़े मॉल व शोरूम हैं, उनमें पार्किंग व्यवस्था होनी चाहिए। - डीएस पान्नू, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 33
शहर में जगह-जगह फुटपाथ पर रेहड़ी वालों ने कब्जा किया हुआ है। इनके लिए निगम को स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाना चाहिए, जिससे इन्हें भी परेशानी न हो और शहरवासियों को भी परेशानी न हो।- रामअवतार, प्रधान, ऋषि नगर सुधार समिति
अगर लोग सड़कों पर चलेंगे तो इससे सड़क हादसों में भी बढ़ोतरी होगी। ऐसे में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए ताकि पैदल चलने वाले लोग बिना डर के चल सकें। -अजय जिंदल, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 14
वर्जन
फुटपाथ पर किसी को भी अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं है। अगर कहीं भी फुटपाथ पर अतिक्रमण हो रखा है तो उसे हटाया जाएगा।
- डॉ. प्रीतपाल, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम