हिसार। पीठासीन अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे अहम कड़ी होते हैं। मतदान की निष्पक्षता और पारदर्शिता इन पर ही टिकी होती है, इसलिए पीठासीन अधिकारी व उनकी टीम पूरे मनोयोग और गंभीरता के साथ प्रशिक्षण को ग्रहण करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हिसार के सहायक रिटर्निंग अधिकारी जयवीर यादव, आदमपुर के सहायक रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र सिंह तथा बरवाला के सहायक रिटर्निंग अधिकारी अजय चौपड़ा ने पीठासीन अधिकारियों सहित पूरी पोलिंग पार्टियों को संबोधित किया। ईवीएम मास्टर ट्रेनर प्रवीण कुमार आदि द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर चुनाव कर्मियों को ईवीएम मशीन की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग भी दी गई।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी बुधवार को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय स्थित ऑडिटोरियम में हिसार, बरवाला व आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के अधिकारियों सहित पूरी पोलिंग पार्टियों को रिहर्सल के दौरान संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सहायक रिटर्निंग अधिकारी से संपर्क करना सुनिश्चित किया जाए। 19 से 21 मई तक होम वोटिंग का विकल्प चुनने वाले मतदाताओं से पोस्टल बैलेट के जरिये घर द्वार पर जाकर मतदान करवाया जाएगा
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ द्वितीय सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन
हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बुधवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंस कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से द्वितीय सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन का कार्य किया गया। जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों जिनमें 47-आदमपुर, 48-उकलाना, 49-नारनौंद, 50-हांसी, 51-बरवाला, 52-हिसार, 53 नलवा के सभी बूथों का ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन का कार्य किया गया। जिले में उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण सप्लीमेंट्री रेंडमाइजेशन का कार्य दूसरी बार किया गया है।
सी-विजिल एप पर आई 303 में से 243 शिकायतों का किया निपटारा
हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सी-विजिल एप एवं टोल फ्री नंबर 1950 पर आने वाली शिकायतों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाती है। सी-विजिल ऐप पर 303 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 243 का तय समय सीमा के अंदर निपटारा किया गया। मानकों को पूरा न करने वाली 60 शिकायतों को ड्रॉप किया गया। टोल फ्री नंबर 1950 पर 383 कॉल प्राप्त हुई है, जिनको आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है।