हांसी। जिले की अनाज मंडियों में सोमवार को 62 किसानों के गेट पास कटे और करीब 1088 क्विंटल सरसों मंडी में आई जिसमें 918 क्विंटल फसल की खरीद हुई। सरसों की प्राइवेट बिक्री 6451 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई।
सरसों लेकर आए किसानों को गेट पास कटवाने में समस्या का सामना करना पड़ा। कई ट्रैक्टरों पर नंबर न होने के कारण ऑनलाइन जारी गेट पास नहीं कट सके जिससे माल वेरिफाई नहीं हो सका।
पिछले तीन दिन में 1992 क्विंटल सरसों की आवक हुई है लेकिन सरकारी खरीद अभी शुरू नहीं हुई है। इस दौरान किसानों को प्राइवेट परचेजर को बेचने में सरकारी मूल्य से 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त मुनाफा मिल रहा है।
सरकारी खरीद 6200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से है और हैफेड के माध्यम से अनाज मंडी हांसी, नारनौंद, खेड़ी जालब और लोहारी गांव में स्थापित केंद्रों पर की जाएगी। यह प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो चुकी है।
:::::::
मंडी में सरसों लेकर पहुंचा हूं। सरसों का भाव सरकारी बजाए प्राइवेट में अच्छे मिल रहे हैं इसलिए प्राइवेट बेचने में ही मुनाफा है।- देवेंद्र, भुरटाना, तोशाम।
:::::::
सरसों सरकारी भाव 6200 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि प्राइवेट भाव 6400 रुपये तक का है। प्राइवेट भाव से हम खुश हैं।- राजेंद्र भाटिया, हांसी।
:::::::
किसानों को प्राइवेट दाम अच्छे मिल रहे हैं इसलिए किसान प्राइवेट बेच रहे हैं। हमारी तरफ से व्यवस्था पूरी है। बुधवार से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी।- यशपाल महता, सचिव, मार्केट कमेटी।