हिसार। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण देश में एलपीजी की किल्लत के मद्देनजर नए घरेलू गैस कनेक्शन देने पर लगाई पाबंदी अब तक नहीं हटी हैं। पिछले सात माह से जिले के करीब 24 हजार उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। गैस एजेंसी संचालकों के पास भी कोई जवाब नहीं है। वे भी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय से इस संबंध में निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। गैस कनेक्शन नहीं मिलने के कारण उपभोक्ता ब्लैक में महंगे दाम पर सिलिंडर खरीदने को मजबूर हैं।
ईरान-अमेरिका-इस्राइल युद्ध के कारण एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने पर केंद्र सरकार ने 13 मार्च को देशभर में नए घरेलू गैस कनेक्शन देने पर रोक लगा दी थी। उपभोक्ता तब से ही नए कनेक्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। वे गैस एजेंसी संचालकों के पास पहुंचकर कनेक्शन देने की गुहार लगा रहे हैं लेकिन हर बार एक ही जवाब मिलता है कि कनेक्शन बहाल करने के संबंध में अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। जिले की 34 गैस एजेंसियों के पास पहले रोजाना 100 से 120 आवेदन नए कनेक्शन के लिए आते थे। महीनेभर में तीन हजार या इससे अधिक लोग आवेदन करते थे। फिलहाल घरेलू गैस सिलिंडर 960 रुपये में मिल रहा है जबकि ब्लैक में इसके 1,400 से 1,500 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं।
जिले में गैस एजेंसियां और उपभोक्ता
कंपनी गैस एजेंसियां घरेलू उपभोक्ता कॉमर्शियल उपभोक्ता
बीपीसीएल 12 1,90,972 830
एचपीसीएल 08 1,34,942 351
आईओसीएल 14 2,00,943 1,758
कुल 34 5,26,857 2,939
मैं एलपीजी कनेक्शन के लिए पिछले छह महीने से चक्कर लगा रहा हूं। गैस एजेंसी संचालकों से लेकर मंत्रालय तक ईमेल कर चुका हूं। बुरी तरह परेशान हैं। मजबूरी में ब्लैक से सिलिंडर खरीदने पड़ रहे हैं। - नवीन कुमार, हिसार
मैंने एलपीजी कनेक्शन के लिए अप्रैल में आवेदन किया था। भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की एजेंसियों से संपर्क किया लेकिन कहीं से भी कनेक्शन नहीं मिल रहा। हमारे क्षेत्र में पीएनजी की आपूर्ति भी नहीं है। - अजय भारद्वाज, आजाद नगर, हिसार
मार्च से ही नए गैस कनेक्शन बंद हैं। मंत्रालय की ओर से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। कनेक्शन बहाल करने को लेकर हम भी उपभोक्ताओं को कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं। - सतेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन
कनेक्शन बहाल करने के संबंध में नहीं मिले निर्देश
एलपीजी कनेक्शन बहाल करने के संबंध में अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। शहरी क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। मार्च तक 1,700 पीएनजी कनेक्शन थे जिनका संख्या अब 5,400 से अधिक हो चुकी है। - अमित शेखावत, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, हिसार