हिसार। लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हरियाणा में सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय आईआरसी (इंडियन रोड्स कांग्रेस) सेमिनार के उद्घाटन के लिए केंद्रीय मंत्री को औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान गंगवा ने हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक विकास को देखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में सकारात्मक बातचीत हुई, जिसमें राज्य की विभिन्न हाईवे परियोजनाओं और सड़कों के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। गंगवा ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने वर्तमान और प्रस्तावित परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र से विशेष अनुदान देने का भी अनुरोध किया। गंगवा ने कहा कि गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ब्यूरो