हिसार। शादी के सीजन की शुरुआत के साथ ही फलों के दामों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। पिछले 10 दिनों में फलों के भाव 25 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। सेब और अनार 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि ड्रेगन फ्रूट के दामों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फल विक्रेताओं के अनुसार सर्दी का सीजन खत्म होने और विवाह समारोहों की बढ़ती मांग के कारण कीमतें लगातार चढ़ रही हैं।
4 फरवरी से शादियों के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं। फरवरी माह में 10, 20, 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के शुभ योग हैं। इसके बाद मार्च में 9, 10, 11 और 12 मार्च को शहनाइयां बजेंगी। वहीं अप्रैल में 20, 21, 25, 26, 29 और 30 अप्रैल को विवाह मुहूर्त रहेंगे।
ड्रेगन फ्रूट के दामों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
पिछले 10 दिनों में ड्रेगन फ्रूट के दामों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। अनानास के दाम 42 प्रतिशत, केले के 40 प्रतिशत और सेब व अनार के भावों में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पपीते के दाम स्थिर बने हुए हैं, जबकि अंगूर एकमात्र ऐसा फल है, जिसके दामों में 28 प्रतिशत की गिरावट आई है।
फल – पुराना भाव – नया भाव
तरबूज – 50 रुपये किलो – 60 रुपये किलो
केला – 50 रुपये दर्जन – 70 रुपये दर्जन
सेब – 200 रुपये किलो – 250 रुपये किलो
अनार – 200 रुपये किलो – 250 रुपये किलो
अनानास – 70 रुपये किलो – 100 रुपये किलो
ड्रेगन फ्रूट – 80 रुपये प्रति पीस – 120 रुपये प्रति पीस
बाबूगोशा – 250 रुपये किलो – 300 रुपये किलो
पपीता – 50 रुपये किलो – 50 रुपये किलो
अंगूर – 250 रुपये किलो – 180 रुपये किलो
यह बोले फल विक्रेता
पिछले 10 दिनों में फलों के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके दो बड़े कारण हैं। एक तो शादियों का सीजन शुरू हो गया है, जिससे मांग बढ़ गई है। दूसरा, मौसमी फलों का सीजन खत्म होने की ओर है। इसी वजह से फल महंगे हो रहे हैं।
- पवन कुमार, फल विक्रेता।
अब सर्दियों का सीजन समाप्ति की ओर है, इसलिए इस मौसम के फलों के दाम बढ़ रहे हैं। साथ ही शादियों के सीजन का असर भी फलों की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।
- सुरेंद्र, फल विक्रेता।