हिसार। नगर निगम प्रशासन की तरफ से वीरवार से प्रतिदिन सुबह 4 बजे पांच वार्डों से कचरे का उठान कराया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन ने शेड्यूल तैयार कर लिया है। सफाई करवाने के लिए एक्सईएन, एमई, जेई, एसओ, सचिव, सीएसआई व एएसआई की ड्यूटी लगाई गई है। प्रतिदिन निर्धारित वार्ड में बने जीवीपी (कचरे के प्वाइंट) को साफ करवाया जाएगा। हड़ताली कर्मचारी अभियान में बाधा न डाले, इसके लिए पुलिस प्रशासन की मदद भी ली जाएगी।
बता दें कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी 19 अक्तूबर से हड़ताल पर हैं। इस कारण न तो शहर में झाडू़ लग रही है और न ही कचरे का उठान हो रहा है। सफाई व्यवस्था ठप होने से शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। आठ दिन से कचरा नहीं उठने से अब बदबू से लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। कई जगहों पर कूड़ा जलाने से प्रदूषण बढ़ रहा है। उधर, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और बढ़ा दी गई है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने सफाई करवाने का फैसला किया है।
नया शेड्यूल जारी
तिथि वार्ड
27 अक्तूबर 1 से 5
28 अक्तूबर 6 से 10
29 अक्तूबर 11 व 17 से 20
30 अक्तूबर 1 से 5
31 अक्तूबर 6 से 10
1 नवंबर 11 व 17 से 20
2 नवंबर 1 से 5
3 नवंबर 6 से 10
4 नवंबर 11 व 17 से 20
5 नवंबर 1 से 5
6 नवंबर 6 से 10
8 दिनों में शहर में जमा हुआ 1440 टन कचरा
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण 8 दिनों में शहर में 1440 टन कचरा जमा हो चुका है। शहर से प्रतिदिन 180 टन कचरा निकलता है। बुधवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ की राज्य कार्यकारिणी ने हड़ताल को 29 अक्तूबर तक तीन दिन और बढ़ाने का फैसला किया है।
सफाई कराने पर दो बार हो चुका विरोध
शहर की सफाई करवाने को लेकर दो बार निगम प्रशासन व हड़ताली कर्मचारी आमने-सामने हो चुके हैं। पहली बार निगम के अधिकारी 21 अक्तूबर की रात राजगुरु मार्केट में जेसीबी लेकर कचरे का उठान करवाने पहुंचे थे, जहां हड़ताली कर्मचारियों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 24 अक्तूबर को पड़ाव चौक के पास से कचरे का उठान करवाते समय हड़ताली कर्मचारियों ने अभियान में बाधा डालने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान पुलिस ने 118 कर्मचारियों को हिरासत में लिया और पांच घंटे बाद छोड़ दिया था।
आप नेता अशोक तंवर व जजपा पार्षद अमित ग्रोवर ने हड़ताल का किया समर्थन
आम आदमी पार्टी नेता अशोक तंवर व जजपा पार्षद अमित ग्रोवर बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया। पार्षद अमित ग्रोवर ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें जायज हैं और सरकार को जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए। इसके अलावा किसान सभा के जिला प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार व तहसील प्रधान सूबे सिंह बूरा ने हड़ताल का समर्थन किया। इनेलो हिसार शहरी प्रधान एडवोकेट प्रमोद बागड़ी ने बयान जारी कर प्रदेश सरकार से नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की है।
जायज मांगों का समाधान नहीं कर रही सरकार : यादव
सर्व कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी मीटिंग संघ कार्यालय में जिला प्रधान सुरेंद्र यादव की अध्यक्षता में की गई। मीटिंग का संचालन सचिव राजेश बागड़ी ने किया। जिला प्रधान सुरेंद्र यादव व वरिष्ठ उप प्रधान नरेश गौतम ने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से कर्मचारी की जायज मांगों का समाधान नहीं कर रही है। सरकार नगरपालिका के कर्मचारियों को गिरफ्तार करके आंदोलन को नहीं तोड़ सकती।
28-29 अक्तूबर को भाजपा प्रत्याशी के विरोध में निकालेंगे बाइक जत्था
बैठक में फैसला किया गया कि हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन 28-29 अक्तूबर को आदमपुर के उपचुनाव में जाकर भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई का विरोध करते हुए मोटरसाइकिल से जत्थे निकालेंगे। सरकार की नीतियों के खिलाफ बिजली कर्मचारी 3 नवंबर को जिला स्तर पर बिजली मंत्री का पुतला फूकेंगे। नगरपालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल के समर्थन में तमाम ब्लॉक, शहर, मोहल्ले वाइज समर्थन जुटाने के लिए गेट व नुक्कड़ मीटिंग की जाएगी। बैठक में मास्टर पवन कुमार, मास्टर वीरेंद्र, अशोक सैनी, रणबीर रावत, वीरेंद्र कुमार, रामफल शिकारपुर, सुरेश मोंगिया, देश दीपक, ओमप्रकाश माल आदि मौजूद रहे।