नारनौंद। हांसी निवासी एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के साथ क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते का सत्यापन करने का झांसा देकर 93,997 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। इस संबंध में हांसी साइबर पुलिस थाने ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अंजू ने बताया कि वह रूपनगर कॉलोनी हांसी की रहने वाली है और स्वास्थ्य विभाग में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। 15 नवंबर को मेरे मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और उन्होंने मेरा नाम और व्हाट्सएप नंबर पूछा तो उनको बता दिया। उसके बाद मेरे फोन पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपने क्रेडिट कार्ड बनवाया था जिसके पैसे आपने अदा नहीं किए है। इसलिए आप अपने आधार कार्ड और बैंक खाते का सत्यापन करवा लो। इसके बाद कॉल करने वाले के पास आधार कार्ड की कॉपी भेज दी। आरोपियों ने सत्यापन करने के लिए पैसे मांगे। उन्होंने कहा कि सत्यापन पूरा होने के बाद यह रुपये आपके बैंक खाते में वापस भेज दिए जाएंगे। उसके बाद उनके द्वारा दी गई यूपीआई आईडी पर मैने बैंक खाते से 49,997 रुपये भेज दिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि आप अपने दूसरे बैंक खाते का सत्यापन करवाने के लिए रुपये भेजो। उसके बाद 44,000 रुपये और भेज दिए। उनके द्वारा बताए गए खाते में कुल 93, 997 रुपये भेज दिए। बाद में धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।