हिसार। साइबर सेल थाना पुलिस ने 1,35,920 रुपये हड़पने के मामले में आकाश नामक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शहर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में एक व्यापारी ने बताया की उसकी बेटी जयपुर में फोटोग्राफी की पढ़ाई कर रही है। जून 2023 में कॉलेज ग्रुप के साथ इंटर्नशिप के लिए वाराणसी गई थी और 6 अगस्त 2023 को वापस हिसार आई थी। बेटी ने बताया था कि वाराणसी में मुझे आकाश नामक युवक मिला था। हम 8 लोग साथ में वाराणसी घूम रहे थे और वह अकेला था। उसने हमें ज्वाइन किया। साथ घूमने के कारण आकाश से जानकारी हो गई और उसने हमें अहमदाबाद में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच की टिकट दिलाने का ऑफर दिया। मैने परिवार के साथ मैच देखने के लिए टिकट बुक करने के लिए बेटी को बोला। बेटी ने आकाश से 28,000 रुपये में कुल 9 टिकटें बुक करवाई। बेटी ने 14 अगस्त 2023 को कुल 28,000 रुपये उसके बैंक खातों में ट्रांसफर कराए थे, लेकिन टिकट बुक नहीं हुई। हमने आकाश से बात की तो उसने कहा कि मोबाइल ले लो। रकम एडजस्ट हो जाएगी। उसने मोबाइल की कीमत 1,35,920 रुपये बताई। हमने उसमें से 28 हजार रुपये काटकर बाकी रकम भेज दी। हमें न फोन और न रुपये मिले। साइबर सेल थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।