हांसी। सदर थाना पुलिस ने मॉडल टाउन निवासी शशिकांत के खिलाफ प्लॉट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। आरोप है कि उसने खुद को शेखपुरा क्षेत्र की जमीन का मालिक बताकर फर्जी इकरारनामों के आधार पर प्लॉटों का सौदा किया और दो लोगों से कुल पांच लाख रुपये बतौर बयाना लेकर हड़प लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
भिवानी जिले के गांव सिकंदरपुर निवासी अजय ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में शशिकांत ने शेखपुरा में 50.5 वर्ग गज का प्लॉट 10 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया और 1.50 लाख रुपये बयाना लिया। आरोपी ने 15 फरवरी 2026 तक रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में पता चला कि उसका जमीन पर कोई मालिकाना हक नहीं था।
दूसरे मामले में हांसी निवासी जयपाल ने आरोप लगाया कि शशिकांत ने 120 वर्ग गज का प्लॉट 19.20 लाख रुपये में बेचने का सौदा कर 3.50 लाख रुपये बयाना लिया। तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई। जांच में इस जमीन पर भी आरोपी का कोई स्वामित्व नहीं मिला। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। संवाद