पैसे डबल करने का लालच देकर की लाखों की धोखाधड़ी
- पीड़ित की शिकायत पर कंपनी के डायरेक्टर और एमडी समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। कंपनी में राशि लगवाकर उसे डबल करने का लालच देकर कुछ लोगों ने कई लोगों से लाखों की राशि हड़प ली। इसके बाद एक व्यक्ति की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया।
मामले में सेक्टर-13 निवासी देशपाल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि कुछ समय पूर्व उसके जानकार प्रीतम बामल ने उसे बताया कि वह कुरुक्षेत्र में रोसिया 2 यू कंपनी में पार्टनर है। उनकी कंपनी में रुपये जमा करवाने पर 20 दिन में वह राशि डबल कर देते हैं। प्रीतम की बातों में आकर देशपाल और पीयूष बंसल ने आरोपी को आईडी की रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 100 रुपये और दो लाख रुपये नकद व कुछ राशि ऑनलाइन जमा करवा दी। देशपाल ने बताया कि उस दौरान प्रीतम ने उनके मोबाइल पर दो अलग-अलग लोगों के नाम के मैसेज किए और इन नंबरों पर संपर्क करने को कहा। इन नंबरों पर संपर्क करने पर 10-10 हजार रुपये आईडी के लिए और 10-10 लाख रुपये डबल करने के लिए उनके द्वारा दिए गए खातों में जमा करवा दिए। इसके बाद देशपाल, पीयूष बंसल और एक अन्य मुकल छाबड़ा के खाते में आरोपियों की तरफ से कुल चार लाख रुपये डाले गए। इसके बाद 27 सितंबर को शाम चार बजे डिफेंस कॉलोनी में एक होटल में इस कंपनी का एक सेमिनार हुआ, जिसमें प्रीतम बामल ने उन्हें बुलाया। वहां पर आरोपी नरेश गुप्ता ने उन्हें ओर आईडी कंपनी में लगाने बारे कहा और आश्वासन दिया कि धनतरेस पर सोना देकर सम्मानित भी किया जाएगा। नरेश गुप्ता के आश्वासन पर देशपाल, पीयूष बंसल, मुकुल व अंकित ने फिर से लगभग 100 आईडी के नकद दो लाख रुपये आरोपी नरेश गुप्ता को दिए। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को अलग-अलग बैंक खातों में 10 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद पहली अक्तूबर को देशपाल व अन्य सभी को मुनाफे की राशि मिलनी थी, लेकिन राशि न आने पर जब प्रीतम बामल से संपर्क किया गया तो उसने कहा कि कंपनी का सॉफ्टवेयर अपडेट हो रहा है, इसलिए कुछ समय लगेगा। इसके अगले दिन जब नरेश गुप्ता व प्रीतम बामल से दोबारा राशि के बारे में पूछा तो नरेश गुप्ता व एक अन्य आरोपी अशोक ने कहा कि दिवाली के के बाद वह कैथल आ जाएं। उनके कहे अनुसार सभी पीड़ित तीन नवंबर को कैथल में एक पार्क में नरेश गुप्ता से मिले। यहां नरेश के साथ करीब 10 लोग पहले से मौजूद थे। देशपाल ने आरोप लगाया कि जब नरेश से रुपये वापस मांगे से नरेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। देशपाल ने शिकायत में बताया कि नरेश ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने दोबारा रुपये मांगे तो वह उनके खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज करवा देंगे। इसके बाद देशपाल ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने रोसिया कंपनी के डायरेक्टर, कंपनी के एमडी नरेश गुप्ता, कंपनी में पार्टनर प्रीतम बामल, अशोक कुमार व एक अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।