जिंदल स्टेनलेस स्टील ग्रुप के साथ एक ट्रांसपोर्टर व उसके टैंकर चालकों ने करोड़ों रुपये कीमत का तेल निकालकर धोखाधड़ी कर ली।
ट्रांसपोर्टर व उनकी गाड़ियां चलाने वाले चालक मिलकर जिंदल ग्रुप का फर्निश ऑयल लगातार चोरी कर रहे थे। चोरी करने का इनका तरीका भी बड़ा ही हैरत में डालने वाला वाला था। मगर किसी तरह पोल खुल गई और पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया।
पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी संचालक सुभाष नगर निवासी अजय चौहान व अभिषेक चौहान व उनके ड्राइवर रविंद्र, महेंद्र, राजकुमार व रोहताश के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
लोहे को पिघलाने में होता है इस्तेमाल
जिंदल ग्रुप से नरेंद्र लोहान ने मामले की शिकायत कैंट चौकी पुलिस को दी। शिकायत में उन्होंने बताया है कि चौहान ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ उनका एग्रीमेंट था। इस ट्रांसपोर्ट कंपनी की गाड़ियां पानीपत से फर्निश ऑयल स्टेनलेस कंपनी में लेकर आते थे। यह ऑयल लोहे को पिघलाने में इस्तेमाल होता था। हर रोज सैकड़ों टन ऑयल लाया जाता था।
अधिकृत चार चेंबर के नीचे बना रखे थे दो गुप्त चेंबर
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह ने बताया है कि जिंदल ग्रुप को चूूना लगाने वाले ट्रांसपोर्टर व गाड़ी चालकों ने टैंकर में दो ऐसे गुप्त चेंबर बनाए हुए थे जिसकी जानकारी ग्रुप को नहीं थी।
उन्होंने बताया कि अधिकृत रूप से टैंकर में चार चेंबर होते हैं। ये पानीपत से फर्निश ऑयल भरवाकर लाते थे। इन चार चेंबर के नीचे दो गुप्त चेंबर थे। इनमें चारों चेंबरों में से तेल एकत्रित हो जाता था। सेटिंग इस हिसाब से की गई थी कि वजन पूरा ही रहता था। पानीपत से निकलने के बाद वे दो चेंबरों से तेल निकाल लेते थे और फर्निश ऑयल में काला तेल या पानी की मिलावट कर देते थे।
ट्रांसपोर्टर व उसके ड्राइवरों ने मिलकर जिंदल ग्रुप को करोड़ों का चूना लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल ट्रांसपोर्टर व टैंकर चालकों के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश करने का केस दर्ज कर लिया गया है। - ईश्वर सिंह, सब इंस्पेक्टर कैंट चौकी