हिसार। बांग्लादेश में 10 से 14 जून तक आयोजित होने वाली आईएचएफ हैंडबाल ट्रॉफी प्रतियोगिता के लिए भारतीय अंडर-18 और अंडर-20 टीमों में हिसार के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें अंडर-20 टीम के कप्तान की जिम्मेदारी भी हिसार के खिलाड़ी को सौंपी गई है। भारतीय टीम को प्रतियोगिता का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
खेल विभाग के हैंडबाल कोच अनूप कस्वां ने बताया कि भारतीय टीम कोलकाता एयरपोर्ट से बांग्लादेश के लिए रवाना हो चुकी है। प्रतियोगिता में भारत के अलावा मेजबान बांग्लादेश, अफगानिस्तान, मालदीव, यमन और नेपाल की टीमें भाग लेंगी।
अंडर-20 टीम के कप्तान हिसार के सूर्य नगर निवासी विपुल नेहरा बनाए गए हैं जबकि अंडर-18 यूथ टीम की कप्तानी पवन चौधरी को सौंपी गई है। दोनों खिलाड़ी अनुभवी हैं। प्रतियोगिता के लिए अंडर-18 और अंडर-20 वर्ग में 14-14 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
हिसार जिले से चयनित खिलाड़ियों में विपुल नेहरा के अलावा प्रिंस, ललित और नक्श कस्वां शामिल हैं। प्रिंस अमरदीप कॉलोनी, नक्श कस्वां गांव सरसाना और ललित गांव लाडवा के निवासी हैं। टीम के कंटिजेंट इंचार्ज अतनु मजूमदार होंगे।
टीम के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अनुभवी कोचों को सौंपी गई है। इनमें पूर्व भारतीय टीम के कोच अनूप कस्वां (हिसार), रेलवे के कोच सुधाकर तथा पूर्व भारतीय कप्तान फिरोज खान शामिल हैं।
बंगाल हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अतनु मजूमदार, सचिव प्रदीप कॉले, बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव जोहर दास सहित अन्य अधिकारियों ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं। जिले के चार खिलाड़ियों के चयन से हैंडबाल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है तथा सभी ने भारतीय टीम के चैंपियन बनने की कामना की है।