गुजवि (गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय) में क्लर्क लगवाने के नाम पर हांसी के मुजादपुर निवासी कर्मबीर मलिक ने हिसार के कैमरी रोड पर स्थित अमरदीप कॉलोनी निवासी बलराम से चार लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस को दी शिकायत में बलराम ने बताया कि गांव आदमपुर निवासी उसके जानकार अनिल ने उसे बताया कि उसका जानकार कर्मबीर रुपये लेकर सरकारी नौकरी लगवाता है। बलराम ने बताया कि उसने अनिल के कहने पर कर्मबीर से जीजेयू के पास मुलाकात की। उस दौरान कर्मबीर ने उसे बताया कि उसका चाचा अर्बन एस्टेट निवासी शिक्षा विभाग में सुपरिंटेंडेंट है। कर्मबीर ने उसे बताया कि वह भी जीजेयू में ऊंचे पद पर है। कर्मबीर ने उसे बताया कि उसने पहले भी कई लोगों को सरकारी नौकरी पर लगवाया है। बलराम ने बताया कि उसने अपने दामाद को नौकरी लगवाने की बात कही तो कर्मबीर ने कहा कि वह उसे जीजेयू में क्लर्क लगवा देगा। इसके लिए कर्मबीर ने बलराम से चार लाख रुपये मांगे। बलराम ने 18 अगस्त 2017 को उसे चार लाख रुपये दिए और कर्मबीर ने उसके दमाद के कुछ कागजात पर हस्ताक्षर भी करवाए। बलराम ने बताया कि जब आरोपी कर्मबीर द्वारा दिया गया समय बीता तो उससे संपर्क करने पर बलराम को जान से मारने की धमकी दे दी गई। मामले में पुलिस ने कर्मबीर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।