जिले में सोमवार को सेशन कोर्ट के सुपरिंटेंडेंट एवं एक मजदूर सहित चार मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई और 102 नए कोरोना मरीज मिले। जिले में कोविड-19 मौत का आंकड़ा 238 हो गया है, जबकि संक्रमितों की संख्या 15726 पहुंच गई है।
पिछले कई दिनों से जिले में 200 से कम कोरोना केस मिल रहे हैं। अब तक जिले के 14031 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौट चुके हैं, जबकि 1458 एक्टिव केस हैं। सोमवार को रिकवरी रेट 89.22 प्रतिशत रहा। फिलहाल उप सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीमों के साथ मिलकर सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटाने में लगे हुए हैं।
ये है मृतकों की हिस्ट्री
सोमवार को कोरोना से मरने वालों में मॉडल टाउन निवासी 70 वर्षीय महिला, महावीर कॉलोनी एरिया वासी 34 वर्षीय युवक, लघु सचिवालय क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति और रूप नगर कॉलोनी का रहने वाला 85 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें से तीन मृतक गंभीर हालत के थे, जो वेंटिलेटर पर रखे गए थे। ये सभी मृतक अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल थे, जिनमें जिला अस्पताल, जिंदल अस्पताल, अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और एक होली अस्पताल शामिल हैं। एक मृतक जिला अस्पताल में मौत होने के बाद की गई जांच में संक्रमित मिला है। विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार सभी मृतक शुगर, बीपी, लीवर की बीमारी, दिल की बीमारी, ब्लगम सहित अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। मृतकों में शामिल एक व्यक्ति नशे के पदार्थों का सेवन करता था।