हिसार। पटेल नगर में ई-रिक्शा और पिकअप चालक के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने वीरवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटेल नगर निवासी सुरेश, सुभाष, जतिन और सचिन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी जतिन के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त छुरी भी बरामद की है।
पीएलए चौकी प्रभारी एएसआई अनूप ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुलान (फतेहाबाद) निवासी राजबीर सिंह को मारपीट में घायल होने के बाद सिविल अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल के बयान दर्ज किए गए।
राजबीर सिंह ने बताया कि वह पिकअप वाहन पर ड्राइवर है। बुधवार को वह पटेल नगर हिसार में हार्डवेयर का सामान सप्लाई करने गया था। सामान उतारते समय गाड़ी मोड़ने को लेकर उसका एक ई-रिक्शा चालक से विवाद हो गया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने गाली-गलौज की और कुछ ही देर में 5-7 युवक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी जतिन ने उस पर छुरी से वार कर दिया। पुलिस वाहन के पहुंचते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन हिसार में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि ई-रिक्शा चालक सुरेश का ही पिकअप चालक से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने अन्य आरोपियों को मौके पर बुलाया। सभी ने मिलकर राजबीर के साथ मारपीट की, जबकि जतिन ने छुरी से हमला किया। पुलिस ने आरोपी जतिन से छुरी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।