हिसार। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हत्या प्रयास मामले के आरोपी की जमानत करवाने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कोर्ट मुंशी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों उकलाना गांव के राजेश उर्फ राजा, जितेंद्र, राजस्थान के हनुमानगढ़ के भिरानी निवासी विनोद और मुगलपुरा निवासी नरेश को अदालत में पेश किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस उप अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि उपरोक्त आरोपियों ने 31 जनवरी 2023 को आजाद नगर थाना में दर्ज हत्या प्रयास मामले में आरोपी मंगाली सूरतिया निवासी रवि उर्फ रवि कुमार की फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अदालत से जमानत करवाई थी।
जिसके बारे में एडिशनल सेशन जज के रीडर की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने सात जनवरी 2025 को आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अपने आधार कार्ड और फर्जी तरीके से जमीन के कागजात तैयार कर हत्या प्रयास मामले के आरोपी रवि की जमानत करवाई थी। आरोपी विनोद तीन साल से हिसार कोर्ट में मुंशी का काम करता है इसी ने जमानतनामा तैयार किया था।