हांसी पुलिस की गिरफ्त में रंगदारी मांगने के आरोपी।
हांसी। सुल्तानपुर के शराब ठेकेदार से जर्मनी के नंबर से फोन कॉल करके रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार शुक्रवार को आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ठेकेदार से शराब का ठेका लेने पर 50 हजार रुपये प्रति सदस्य रंगदारी मांगी थी। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल व 7 रौंद बरामद हुए हैं। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
सीआईए टीम ने विदेश से कॉल करवाकर फिरौती मामले में आरोपी ढाया निवासी मंजीत, सुल्तानपुर निवासी दीपक, कालवां निवासी विकास पुत्र जगदीश व विकास पुत्र रणधीर को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता कुलदीप ने बताया कि 31 मई को रात करीब साढ़े नौ बजे वह सुल्तानपुर निवासी पवन उर्फ धोलू के मोबाइल पर विदेश से कॉल आई। फोन करने वाले ने उसे कहा कि अब की बार सुल्तानपुर ग्रुप पर ठेके का फार्म मत लगाना। अगर फार्म लगा दिया तो भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। बाद में संदीप के भतीजे पवन के पास भी विदेश के नंबर से फोन करके यही बात कही। साथ ही उसे कहा था कि अगर वो ठेके का फार्म लगाना चाहते हैं तो उनके ग्रुप के सभी सदस्यों को प्रति व्यक्ति 50-50 हजार रुपये देने होंगे।