बरवाला। शहर के बाईपास पर शनिवार शाम एक फॉरच्यूनर गाड़ी ने मोपेड़ को टक्कर मार दी। हादसे में खेत से लौट रहे दादा-पोती की मौत हो गई। पुलिस ने वार्ड-5 निवासी 65 वर्षीय कुलवंत व 15 वर्षीय अंकिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कुलवंत अपनी पोती अंकिता के साथ मोपेड़ पर शाम को खेत से घर लौट रहे थे। इसी बीच बरवाला बाईपास पर खरकड़ा मोड़ के पास मोपेड़ को एक फॉरच्यूनर गाड़ी के चालक ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंकिता 8वीं कक्षा की छात्रा थी। हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया था।