हिसार। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई वीरवार को आदमपुर विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहीं सोनाली फोगाट से मिलने के लिए उनके ढंढूर स्थित फार्म हाउस पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चुनाव सहित अन्य मुद्दों पर बातचीत की।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि अब दोनों नेता एक ही पार्टी में हैं, इसलिए हमें मिलकर हलका में पार्टी को मजबूत बनाने का काम करना होगा। वहीं, सोनाली फोगाट ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। बता दें कि सोनाली फोगाट 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद लगातार आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ शुरुआत से ही मुखर रही हैं। पिछले कुछ समय से बिना नाम लिए कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ लगातार ट्वीट भी किए गए हैं। हाल ही में उन्होंने ट्वीट किया था कि शेरनी दो कदम पीछे हटे तो यह मत समझना कि वह डर गई, बल्कि वह अब अधिक खूंखार तरीके से अपने शिकार पर टूट पड़ने वाली है।