हरियाणा में आदमपुर उपचुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी यहां रैली करने वाले हैं। वहीं आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई केजरीवाल पर हमलावर दिखे और कहा कि केजरीवाल बरसाती मेंढक है, बारिश में ही नजर आएगा।
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने बार-बार हरियाणा वालों को एसवाईएल का पानी नहीं देने की बात कही। पंजाब हमारे हक का पानी रोके बैठा है। अब पंजाब का मुख्यमंत्री आ रहा है, मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चैलेंज करता हूं कि कल हरियाणा को उसके हिस्से का पानी देने का एलान करें तो मैं उनकी स्टेज पर चढ़ जाऊंगा।
केजरीवाल केवल बरसाती मेंढक हैं, बारिश में ही नजर आएंगे। यह कहना है पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई का। वे मंगलवार को आदमपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बिजली मंत्री रणजीत सिंह, फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम भी मंच पर मौजूद रहे।
26 साल का वनवास खत्म करना है, वोट कुलदीप को ही देना है...
उन्होंने कहा कि पता लगा कि दीपेंद्र हुड्डा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी आदमपुर आए थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आदमपुर के साथ दस साल तक भेदभाव किया। यहां के युवाओं को नौकरी, विकास, पानी हर मामले में उपेक्षा का शिकार बनाया गया। लोगों को संबोधित करते हुए बोले पूर्व सीएम भजनलाल के इस हलके में हम हलवा, चूरमा खिलाकर स्वागत तो सभी का करेंगे, लेकिन वोट कुलदीप को छोड़कर किसी को नहीं देंगे।
सम्मान सभी का करो लेकिन वोट देते समय ध्यान रखना चौधरी भजनलाल के 72 हजार वोट के जीत के रिकॉर्ड को तोड़ें। 26 साल के वनवास को खत्म करने के लिए मैंने आपसे पूछकर ही इस्तीफा दिया था।
भजनलाल के गढ़ को कोई नहीं तोड़ पाएगा : रणजीत सिंह
बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि आगामी 15 दिनों तक आदमपुर की बिजली से संबंधित ज्यादातर मांगें पूरी हो जाएंगी। चौ. भजनलाल के इस गढ़ को न तो आज तक कोई तोड़ पाया है और न ही आगे कोई तोड़ पाएगा। कुलदीप बिश्नोई आएं या भव्य बिश्नोई ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। प्रदेश में अगली सरकार किसकी होगी आदमपुर की जनता तय करेगी।