हिसार। नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार के कार्यकारिणी चुनाव को लेकर वीरवार को नामांकन वापसी का दिन था। हालांकि इस दौरान 5 प्रत्याशियों में से एक भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। मगर निर्धारित समय में पैनल की लिस्ट जमा न करवाने एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज कर दिया गया। अब मैदान में 4 पैनल बचे हैं। यह पहली बार होगा, जब 4 पैनल के बीच मुकाबला होगा।
बता दें कि 17 दिसंबर को संघ के चुनाव के लिए पूर्व प्रधान राजेश बागड़ी, सुरेंद्र उर्फ गोलू, पवन चौहान, पवन पाहवा व श्याम ने नामांकन भरा था। इन प्रत्याशियों को 19 दिसंबर को दोपहर 2 बजे तक अपनी पैनल की लिस्ट जमा करवाने का समय दिया गया था। साथ ही नाम वापसी का दिन भी निर्धारित किया गया था। इन प्रत्याशियाें में से श्याम दरोगा ने अपने पैनल की लिस्ट जमा नहीं करवाई, जिस पर उसका नामांकन रद्द कर दिया गया। चुनावी मैदान में अब चारों पैनल में कड़ा मुकाबला है।