हिसार। ठंड के मौसम में घना कोहरा छाने से सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इसी खतरे को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने अपनी बसों को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठाया है। सड़क हादसों से बचाव के लिए रोडवेज बसों में फॉग लाइटें लगाई जा रही हैं। अकेले हिसार रोडवेज डिपो की 259 बसों में फॉग लाइटें लगाए जाने का लक्ष्य है, जिनमें से करीब आधी बसों में यह व्यवस्था पूरी की जा चुकी है।
हिसार रोडवेज के बेड़े में वर्तमान में कुल 259 बसें शामिल हैं। जनवरी माह में ठंड के बढ़ने के साथ ही सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सामने से आ रहे वाहनों को देखना मुश्किल हो जाता है और सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज ने सभी बसों में फॉग लाइटें लगाने का निर्णय लिया है।
इस योजना पर रोडवेज की ओर से लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब तक 259 बसों में से 110 बसों में फॉग लाइटें लगाई जा चुकी हैं। पहले चरण में लंबी दूरी पर संचालित होने वाली बसों को प्राथमिकता दी जा रही है।
चालक-परिचालक अपने खर्च पर लगवा रहे फॉग लाइटें
रोडवेज वर्कशॉप में फॉग लाइटें उपलब्ध न होने के कारण मजबूरी में कई चालक-परिचालक अपने खर्च पर बाहर से बसों में फॉग लाइटें और हेडलाइटें लगवा रहे हैं।
– राजकुमार चौहान, उपप्रधान, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन
रोडवेज बसों को सड़क हादसों से बचाने के लिए फॉग लाइटें लगाई जा रही हैं। लगभग 110 बसों में फॉग लाइटें लग चुकी हैं। शेष बसों में भी जल्द ही यह व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी।
– रघुवीर सिंह, एसएस, बस स्टैंड हिसार