हिसार। दिवाली से पहले शनिवार को शहर में फूलों का बाजार सजा। इस बार गेंदे के फूल पिछले साल के मुकाबले दोगुने दाम पर बिके। इनका भाव 300 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया, जबकि सामान्य दिनों में गेंदा 100 से 150 रुपये प्रति किलोग्राम बिकता है।
फूल कारोबारियों के अनुसार हिसार में गेंदे के फूलों की आपूर्ति जयपुर से होती है। इस बार नवंबर में बारिश के कारण वहां गेंदे की खेती को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते फूलों की आवक कम हुई और दाम बढ़ गए।
दिवाली के चलते बाजार में फूलों की मांग बढ़ गई है। पूजा-अर्चना और घरों की सजावट के लिए गेंदा, कमल और गुलाब की खूब खरीदारी हो रही है। कमल का फूल 100 रुपये प्रति पीस और गुलाब की कली 40 से 50 रुपये में बिक रही है। इसके अलावा अन्य फूलों के दाम भी बढ़े हैं।
रजनीगंधा 300 से 700 रुपये प्रति गुच्छा, सूरजमुखी 100 रुपये प्रति पीस, वैजयंती 300 रुपये प्रति माला, करंजा 350 से 500 रुपये प्रति स्टिक और ऑर्किड 400 रुपये प्रति जोड़ी की दर से बिक रहे हैं।
फूल कारोबारी अनिल सैनी ने बताया कि दिवाली पर पूजा और सजावट के लिए गेंदे से लेकर कमल तक के फूलों की खूब मांग है। इसके अलावा गुलाब और अशोक के पत्तों की भी बिक्री हो रही है। गुल सुपाड़ी जैसे विशेष फूलों की भी मांग है।