एचएयू में चल रही गुलदाउदी पुष्प प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी पुष्प प्रेमियों की खूब भीड़ उमड़ी। स्कूली बच्चे भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनी देखने आए। वीरवार को हिसार के लोगों ने फूलों की खरीदारी भी की। इस दौरान करीब 20 हजार रुपये के फूलों की बिक्री हुई।
प्रदर्शनी को देखने के लिए एचएयू कुलपति केपी सिंह की पत्नी, जीजेयू के रजिस्ट्रार डॉ. अनिल कुमार पुंडीर आदि भी पहुंचे। एचएयू में चल रही इस दो दिवसीय राज्यस्तरीय गुलदाउदी पुष्प प्रतियोगिता का समापन वीरवार को हो गया।
20 से 192 रुपये तक में बेचे पौधे
प्रदर्शनी में आए लोगों को विश्वविद्यालय की तरफ से 20 रुपये में भी पौधे दिए गए। वहीं अधिकतम 192 रुपये की कीमत के पौधे बेचे गए। लोगों का सबसे अधिक रुझान गुलदाउदी के फूल खरीदने में रहा। सभी गुलादाउदी फूलों की कीमत 142 रुपये निर्धारित की गई थी।
लोगों ने शाम तक विश्वविद्यालय में 20 हजार रुपये से अधिक के रंग बिरंगे फूल गमलों सहित खरीदे। लोगों को कैक्टस के छोटे पौधे 20 रुपये तक में भी दिए गए। वहीं अधिकतम कीमत 192 रुपये में भी कैक्टस के बड़े पौधे बेचे गए। प्रदर्शनी देखने आए लोगों ने फूलों की पौध भी खरीदी। बड़ी संख्या में लोग फूलों की पौध खरीद कर ले गए।
नेटवर्क ने दिया दगा, कैशलेस हुआ फेल
विश्वविद्यालय में फूल बेचने के लिए पीओएस स्वाइप मशीन रखी गई थी। लेकिन नेटवर्क नहीं आ पाने के कारण मशीन प्रोसेस नहीं हो पाई, जिसके कारण पीओएस मशीन शोपीस बनकर ही रह गई। मशीन को चेक करने के लिए एसबीआई के तकनीकी अधिकारी भी आए। लेकिन नेटवर्क कमजोर होने के कारण मशीन काम नहीं कर पाई। इसके बाद लोगों ने नकदी में फूल व पौधे खरीदे।