हिसार। तीन दिन से संपदा विभाग की लापरवाही के कारण विद्युत नगर में बिजली के पांच पोल टूट चुके हैं। इसका खामियाजा 20 क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार, सोमवार और मंगलवार के दिन 6 से 7 घंटे बिजली सप्लाई बाधित है। वहीं, विभाग के एसडीओ का कहना है कि कटाई-छटाई में नुकसान होना स्वाभाविक है।
इतना हीं नहीं, संपदा विभाग की कार्रवाई के कारण बीते तीन दिन में लगातार दो बार विद्युत नगर की 11केवी लाइन में फॉल्ट आया है, जिससे लोगों को सुचारु रूप से बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है। गौरतलब है कि कई दिनों से विद्युत नगर में संपदा विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई-छंटाई के लिए दो टीमें लगाई गई हैं, जिसमें पहली टीम ड्रिल द्वारा जमीन को समतल करने और दूसरी टीम द्वारा पेड़ों की कटाई-छटाई की जा रही है।
विद्युत नगर में पेड़ों की कटाई-छंटाई करने से बिजली संबंधित समस्या जरूर आई है। यह स्वाभाविक है। आगे भी पेड़ों की कटाई-छटाई जारी रहेगी। - साहिल गर्ग, एसडीओ, सम्पदा विभाग, हिसार।