हांसी। लाल सड़क पर शनिवार शाम को दो गुटों के झगड़े में पांच लोग घायल हो गए। इस दौरान बीच बचाव करने के लिए आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई। नागरिक अस्पताल में भी दोनों पक्षों के बीच में मारपीट हुई। इस पर चिकित्सक ने वहां पुलिस को बुलाया। वहीं दूसरा गुट पुलिस सुरक्षा में उपचार करवाने के लिए पहुंचा।
घायल सिसाय पुल की रामलाल कॉलोनी निवासी साहिल मल्होत्रा ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े पांच बजे लाल सड़क से गुजर रहे थे। तभी वहां पर पहले से खड़े युवकों ने उन्हें रोका व उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पास की एक दुकान से पाइप और हथोड़ा लाकर उनके व उनके भाई नीरज से मारपीट करने लगे। इस दौरान वहां से गुजर रहे उनके मामा पवन सहगल के साथ भी मारपीट की। इस दौरान उन्हें ईंट लग गई।
साहिल ने बताया कि घायल होने के बाद वह नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे तो पीछे से उसी गुट के लोग आ गए। अस्पताल में आकर उनके साथ मारपीट व उन्हें ईंटें मारी। जिस पर वह अस्पताल से भाग गए और शहर थाना पुलिस के पास पहुंचे। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में वह अस्पताल में उपचार करवाने के लिए आए। जहां उनके मामा पवन को हिसार रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष के जोनी, अभिषेक व सुनील घायल हुए हैं। सुनील ने बताया कि वह लाल सड़क पर खड़े थे तो उनके साथ मारपीट की। बचाव करने के लिए आए अभिषेक व जोनी के साथ मारपीट की। जांच अधिकारी रमेश ने बताया कि मामले में बयान दर्ज के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।