गांव सलेमगढ़ में सोमवार की रात हथियारबंद चोर घुस आए। करीब दस-बारह चोर बारी-बारी से पांच घरों में घुसे और करीब साढ़े 17 लाख रुपये कीमत के गहने और नकदी लूट ले गए। मामले की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। चोरी करने आए लोगों ने साथ लाए डंडे और लाठियां गांव के ही एक खाली प्लॉट में फेंके हुए थे। मामले की सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम भी मौके पर पहुंच गई। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके से कुछ सुबूत एकत्रित किए हैं।
पेट्रोल पंप संचालक राजकुमार सलेमगढ़ ने बताया कि सोमवार रात करीब दो-ढाई बजे करीब दस-बारह हथियारबंद लोग गांव में आ घुसे। उनके पास लाठी-डंडे और बंदूक थीं। एक के बाद एक वे पांच घरों में घुसे और करीब 59 तोले सोने के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने गांववासी संदीप के घर से 20 तोले सोना और कुछ कैश चोरी कर लिया। इसके बाद वे दूसरी तरफ गए और वहां से सुभाष के घर में घुसे और ताला तोड़कर तीन तोले सोना और पांच हजार की नकदी निकाल ली।
अगला निशाना उन्होंने गांव वासी सतबीर के मकान को बनाया। यहां से उन्होंने 15 तोले सोना और राकेश के घर से सात तोले सोना और तीन हजार की नकदी चोरी कर ली। राकेश पीटीआई के घर चोरी करने के बाद वे जोगेंद्र के मकान से करीब 14 तोले सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ले गए।
जयपाल के घर से उठाए डंडे
मकान मालिक संदीप ने बताया के चोरों ने गांव के जयपाल के घर से कस्सी के डंडे उठाए थे। जाते हुए वे इन डंडों को गांव के एक खाली प्लॉट में फेंककर चले गए।
बाहर सो रहे लोगों के घरों को बनाया निशाना
ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने केवल उन घरों को निशाना बनाया, जहां परिवार घर से बाहर सोए हुए थे। दर्जन भर हथियाबंद लोगों का यह गिरोह शातिर अंदाज में घरों में घुसा। ग्रामीणों का कहना है कि गिरोह में शामिल कुछ लोग सो रहे परिवार के सदस्यों के ऊपर हथियार लेकर खड़े हो जाते और कुछ लोग घर के अंदर घुसकर लॉक तोड़कर गहने और नकदी पर हाथ साफ कर देते हैं।
ग्रामीणों ने खुद पहरेदारी की बनाई योजना
पेट्रोल पंप संचालक राजकुमार ने बताया कि गांव में दहशत का माहौल है। पूरा गांव एक साथ पांच घरों में हुई चोरी की वारदात से डरा हुआ है। ग्रामीणों ने खुद पहरेदारी का प्लान बनाया है। रात को ग्रामीण गांव के चारों तरफ पहरेदारी करेंगे।
पुलिस ने दिया एक सप्ताह का समय
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने उन्हें चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने सात दिन का समय दिया है। अगर इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाती है तो वे रोड जाम या फिर अन्य कोई ठोस कदम उठा सकते हैं।
सलेमगढ़ में वारदात हुई है, वह डकैती नहीं, बल्कि चोरी है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। -कपिल इंस्पेक्टर सदर थाना।