हिसार। हिसार जिले में इस साल स्वाइन फ्लू से पहली मौत का मामला सामने आया है। एक निजी में भर्ती नारनौंद क्षेत्र की रहने वाली 66 वर्षीय महिला महिला की स्वाइन फ्लू से मौत होने की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू 22 केस आए हैं। इसी अस्पताल में इसी सप्ताह सिरसा निवासी एक महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू को लेकर निजी अस्पतालों को सैंपल लेने के निर्देशों पर गंभीरता से प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने को कहा है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि नारनौंद निवासी महिला को 21 अगस्त को अस्पताल में भर्ती किया गया था। 28 अगस्त को महिला के स्वाइन फ्लू के सैंपल लिए गए। उनके स्वाइन फ्लू संक्रमित होने की रिपोर्ट मिलने के बाद उनका उपचार किया जा रहा था। 31 अगस्त को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
खतरेजा ने बताया कि महिला निमोनिया से पीड़ित थी, उसे दमा की शिकायत भी थी। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू से मौत मामले में 5 चिकित्सकों की पूरी टीम केस स्टडी करती है। इसके बाद ही उसे घोषित किया जाता है। स्वाइन फ्लू के अब तक जिले में 22 केस आ चुके हैं। जिले में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को एक बार फिर से रिमाइंडर भेज कर पूरी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला नागरिक अस्पताल में फ्लू कार्नर बनाया गया है।