हिसार। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सेक्टर 14 के गेट नंबर एक को तोड़ दिया है। अब यहां गेट को चौड़ा किया जाएगा। सेक्टर 14 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से इस गेट को बनवाया गया था। गेट की चौड़ाई कम होने के कारण यहां जाम लगता था।
शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता वाली कमेटी में हिसार विधायक सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, मेयर प्रवीण पोपली, डीसी अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
कमेटी की पहली बैठक में रखे गए सुझावों में सेक्टर 14 के प्रवेश द्वार को तोड़ने का प्रस्ताव शामिल था। प्रवेश द्वार की चौड़ाई कम होने के चलते यहां वाहन रुक रुककर अंदर प्रवेश करते थे। सेक्टर 14 के इस गेट नंबर एक के सामने ही रोड क्रासिंग भी है। इसके चलते सेक्टर 14 में प्रवेश करने और निकलने वाले वाहनों के कारण मुख्य रोड पर जाम लगता था।
सेक्टर 14 में एक बहुमंजिला निजी अस्पताल बनने के बाद से यहां वाहनों के आवागमन की संख्या भी काफी बढ़ चुकी है। इसके चलते यहां जाम के हालात बन रहे थे। समिति की ओर से रखे गए सुझाव पर अमल करते हुए प्रशासन ने सेक्टर 1-4 के गेट को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया है।