हरियाणा में थाना सदर सिरसा क्षेत्र के गांव धिंगतानियां में खेत के रास्ते के लिए मंगलवार सुबह हुए विवाद में गोलियां चलने से पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव धिंगतानियां के पास चौबुर्जा रोड पर उधम सिंह की ढाणी है। इस ढाणी में एक ही परिवार के चार भाई रहते है।
इन भाइयों में रास्ते को लेकर विवाद है। अस्पताल में उपचाराधीन जगदीप पुत्र पलविंद्र सिंह ने बताया कि उसके चाचा दिलबाग और उसके पुत्रों ने उसके पिता पलविंद्र पर हमला कर दिया।
जब वह बीचबचाव करने गया तो उन्होंने उसपर भी हमला बोल दिया। पहले लाठी और जैली से हमला किया गया, बाद में दोनाली बंदूक से गोलियां बरसाई गईं।
उसके पिता पलविंद्र की बांह में गोली लगी है। सिर पर लाठी से प्रहार किया गया है। जगदीप के भी कोहनी में गोली लगी है।
गोली चलने की सूचना मिलने पर सदर सिरसा थाना प्रभारी जगदीश जोशी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।