हिसार। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दमकल कर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहते हैं। अपनी जान जोखिम में डालकर जानमाल की रक्षा करते हैं दमकल कर्मी। इसके लिए उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार झुलसने या चोट लगने की आशंका रहती है। आज राष्ट्रीय अग्निशमन दिवस है। हमने ऐेसे ही कुछ दमकल कर्मियों से बात की, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाया। इस दौरान किसी का चेहरा, हाथ झुलसा तो किसी के पैर से खून निकलता रहा। उसके बावजूद भी दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे।
पैर से निकलता रहा खून, आग बुझाते रहे सुरेंद्र
बीते 24 मार्च को पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में रात को भयंकर आग लगी थी। इस दौरान ड्राइवर सुरेंद्र सिंह कांच के गेट का लॉक तोड़ रहे थे तो कांच का काफी हिस्सा गर्म होकर उनके दाएं पैर पर गिर गया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पैर से खून निकलता रहा और वह आग बुझाते रहे। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद उन्होंने अपना उपचार करवाया और दो दिन बेड रेस्ट लिया। उसके बाद फिर ड्यूटी पर लौट आए।
आग बुझाते समय झुलस गया था चेहरा और एक हाथ, प्रदीप ने नहीं हारी हिम्मत
करीब सात साल पहले कैंट के पास दवाइयों से भरे कंटेनर में भीषण आग लगी तो फायरमैन प्रदीप कुमार ने अपनी जान को जोखिम में डालकर आग बुझाई। इस दौरान उन्हें न केवल कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, बल्कि उनका चेहरा और एक हाथ भी झुलस गया। उनकी इस बहादुरी को देखते हुए प्रशासन की ओर उन्हें सम्मानित भी किया गया।
आग बुझाने के साथ स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक कर रहे महाबीर प्रसाद
मार्केट कमेटी दमकल केंद्र के इंचार्ज महाबीर प्रसाद न केवल आग बुझाते हैं, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जाकर बच्चों को जागरूक करने का काम भी कर रहे हैं। महाबीर प्रसाद अब तक जिले के ज्यादातर स्कूलों में कार्यक्रम कर चुके हैं। इस दौरान वह बताते हैं कि छोटी आग लगने पर हम किस प्रकार अपने स्तर पर आग बुझा सकते है। आग लगने पर कौन-कौन सी सावधानियां बरतनी चाहिए।
आज से एक सप्ताह तक मनाया जाएगा फायर दिवस
दमकल केंद्र के अधिकारी दलबीर सिंह नैन ने बताया कि 14 अप्रैल से 21 अप्रैल तक अग्निशमन सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान दमकल केंद्र में प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बच्चे भी आ सकते हैं। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह दमकल कर्मी आग बुझाते हैं। आग बुझाने के लिए कौन-कौन से संसाधन होते हैं। उन्होंने बताया कि सुबह दमकल केंद्र में डेमो भी दिखाया जाएगा। साथ ही फायर दिवस पर एक झांकी निकाली जाएगी।
प्रदीप कुमार- फोटो : Hisar
सुरेंद्र सिंह- फोटो : Hisar