एयरपोर्ट चौक के पास बुधवार शाम को एक चलते ट्रॉले में आग लग गई। आग लगने पर ट्रॉले में रखीं चार नई गाड़ियां जल गईं। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की 10 गाड़ियां पहुंचीं और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस दौरान ड्राइवर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ट्रॉला ड्राइवर शैतान सिंह ने बताया कि वह आंध्रप्रदेश से एजेंसी से ट्रॉला में छह सेल्टोस कंपनी की गाड़ियां लेकर चला था, जिनमें से दो गाड़ियां हिसार और चार गाड़ियां बठिंडा पहुंचानी थीं। मंगलवार रात को हिसार में डीलर को दो गाड़ी दे दीं, लेकिन लेट होने के कारण रात को वहीं सो गए। बुधवार जब बठिंडा के लिए चले तो एयरपोर्ट चौक के पास एक युवक बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इस दौरान उस युवक ने बताया कि ट्रॉला से धुआं निकल रहा है। उसके बाद जब ट्रॉला को साइड में खड़ा करके देखा तो ट्रॉला के अंदर आग लगी हुई थी। ड्राइवर ने बताया कि ट्रॉले में चारों गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
शाम 4:45 बजे सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट चौक के पास खड़े ट्राला में आग लग गई है। सूचना मिलते ही एक के बाद एक कर 10 गाड़ियां भिजवाई गई। दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
- कुलदीप सिंह, फायरमैन, दमकल केंद्र।