बरवाला स्याणी जोहड़ में खड़े सरकंडों में लगी आग।
बरवाला। शहर के बीच स्थित स्याणी जोहड़ में खड़े सरकंडों में मंगलवार को अचानक एक बार फिर से आग लग गई। इससे पूर्व में भी इस जोहड़ में 11 दिन पहले भयंकर आग लगी थी, जिसने साथ लगते एक टेंट हाऊस के गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था। जोहड़ में आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची व कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने की सूचना से जोहड़ के आसपास के क्षेत्र के लोग घरों से बाहर आ गए, उनमें दहशत का माहौल पैदा हो गया। बता दें कि गर्मियों के हर सीजन में इस तालाब में खड़े सरकंडों में कई बार आग लगती है। यह तालाब आबादी एरिया के बीच में है। इससे पूर्व में भी कई बार आग के कारण साथ लगते मकानों को भी नुकसान पहुंचता है। वहीं आग लगने से सरकंडों के जले हुए अवशेष भी पूरे शहर पर काले बादल के रूप में छाए रहते हैं। इसके साथ ही जोहड़ में आग लगने के कारण उसमें रह रहे काफी संख्या में पक्षियों की मौत भी होती है। क्षेत्रवासी कई बार स्याणी जोहड़ को बंद कर यहां किसी सार्वजनिक स्थल का निर्माण करने जैसी मांग कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन कुछ समय पार्क आदि बनाने की चर्चा कर फिर चुप्पी साध लेता है।