कोयंबटूर से हिसार जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की पावर कार में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। आग देखकर ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोका और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि आग से पावर कार पूरी तरह जल गई। हादसे की सूचना बीकानेर मंडल के रेलवे के अधिकारियों को दी गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि कोयंबटूर-हिसार ट्रेन शनिवार दोपहर 2.55 बजे कोयंबटूर से रवाना हुई थी। रविवार दोपहर 2:15 बजे ट्रेन जब पनवेल स्टेशन से करीब सात किलोमीटर दूर पहुंची तो ट्रेन के पीछे की तरफ पावर कार में आग लग गई। गार्ड ने इसकी सूचना लोको पायलट को दी और ट्रेन को रोका गया। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को हिसार से दोपहर 1:50 बजे कोयंबटूर के लिए रवाना होती है और सोमवार शाम 4 बजे हिसार पहुंचती है।
फैक्टरी के कर्मचारियों ने बुझाई आग
कुछ यात्रियों ने बताया कि जिस जगह आग लगी थी, वहां पास में फैक्टरी थी। फैक्टरी में आग बुझाने के साधन थे। आग की सूचना मिलते ही फैक्टरी के कर्मचारी पहुंचे और पौने घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि जब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची, तब तक आग पर पूरी तरह बुझ चुकी थी।
कोयंबटूर-हिसार एक्सप्रेस ट्रेन के पीछे पावर कार में आग लग गई थी। उस कोच को अलग कर दिया गया है। आग के कारणों का पता किया जा रहा है। किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। ट्रेन में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित है।
- कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर-पश्चिम रेलवे