नारनौंद। गांव मिर्चपुर के खेतों में अज्ञात कारण से आग लग गई जिससे 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके साथ ही जींद जिले के गांव राजपुरा भैण और सिसर गांव की भी करीब 50 एकड़ फसल जल गई। मौके पर किसानों ने पहुंच कर आग पर काबू पाया।
मिर्चपुर निवासी पीड़ित किसान प्रवीण, वीरेंद्र, सतपाल, जोगिंदर, बिजेंद्र, राजा, लोकेश, अमित, जगबीर, रामफल, धर्मवीर, मनोज, बलराज, वीरेंद्र, लहना, रवींद्र ने बताया कि शनिवार शाम गांव सीसर की तरफ से आग लगने की सूचना मिली तो सभी ग्रामीण तुरंत खेतों में पहुंच गए। पानी के टैंकरों और ट्रैक्टरों की सहायता से आग पर काबू पाने की कवायद शुरू की। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी लेकिन खेतों के तंग रास्तों में फायर ब्रिगेड की गाड़ी रास्ते में ही अटक गई। किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 50 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
किसानों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए। रविवार को युवा नेत्री सोनिया दूहन पीड़ित किसानों से मिलने के लिए खेतों में पहुंची और किसानों को हर तरह से मदद करने का आश्वासन दिया। साथ ही सरकार से किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की।
गांव के सरपंच प्रतिनिधि अशोक ढांडा ने बताया कि अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। जब तक आग पर काबू पाया तब तक दर्जनों कीसानों के करीब 50 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। जल्द ही अधिकारियों से मिलकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की जाएगी।