सूर्य नगर में गली नंबर 22 में किराये के मकान में रहने वाले सुरेश के घर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे आग लग गई। हादसे में सुरेश की चार वर्षीय बच्ची भूमिका झुलस गई। सुरेश ने उसे तुरंत जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सुरेश से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह वह जिंदल अस्पताल में नौकरी पर गया था। दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी कमरे में खाना बना रही थी। उस दौरान छोंक लगाने के लिए चूल्हे पर तेल गर्म कर रही थी तो अचानक उसकी बेटी ने उसमें पानी डाल दिया। जिस कारण अचानक आग की लपटें निकलीं। वहां से गुजर रहा बिजली का तार आग की चपेट में आ गया। इसके बाद पूरा घर जल गया। घर में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा और बेटी को जिंदल अस्पताल में दाखिल करवाया। सुरेश ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी भी पहुंची थी, लेकिन गाड़ी के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। वहीं आग लगने की सूचना मिलते ही सूर्य नगर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुरेश ने बताया कि उसकी बेटी के पैर और हाथ गए हैं।