हांसी। पराली जलाने की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य को लेकर लघु सचिवालय में एसडीएम कुलभूषण बंसल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि पराली जलाने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की वह गठित टीमों के माध्यम से नजर बनाकर रखें। फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर सेटेलाइट के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। एसडीएम ने कहा कि जहां कहीं भी पराली जलाने की घटना की सूचना मिले वहां अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे व पुष्टि होने के बाद तुरंत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाने में जाकर एफआईआर दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि धान फसल कटाई का कार्य और तेजी पकड़ेगा। ऐसे में किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के बारे में जागरूक करने के लिए गतिविधियों को और तेज करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उपमंडल क्षेत्र में बेलर मशीनों की संख्या और बढ़ाई जाए। ताकि किसानों को इस सुविधा का और अधिक फायदा मिल सकें।
पराली जलाने पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम कुलभूषण बंसल ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अशोक मेहरा व नायब तहसीलदार दयाचंद को निर्देश दिए कि वह ग्राम व ब्लॉक स्तर पर गठित कमेटियों के साथ बैठक करें।
दो किसानों पर लग चुका 5000 रुपये जुर्माना
कृषि विभाग के एसडीओ शमशेर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष खरीफ सीजन के दौरान अब तक 18 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई थी। इस वर्ष अब तक केवल मात्र दो घटनाएं घटित हुई हैं। दोनों किसानों के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया जा चुका है व 5000 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।
अनाज मंडियों में फसल खरीद व उठान कार्य में लाएं तेजी
एसडीएम ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी अनाज मंडियों में फसल खरीद व उठान कार्य में और तेजी लाएं। ताकि किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि आगामी 12 नवंबर को इस संबंध में बैठक की जाएगी। बैठक में तहसीलदार अनिल कुमार नायक तहसीलदार दयाचंद कृषि विभाग के एसडीओ शमशेर सिंह सहित संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे