नारनौंद। गांव गुराना में घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट करने और एक महिला के अपहरण के आरोप में चार नामजद सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ नारनौंद थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेड़ी चोपटा पुलिस चौकी के जांच अधिकारी महेंद्र सिंह के अनुसार, गांव गुराना निवासी 23 वर्षीय मोनू ने बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता है। गांव ढिगावा (भिवानी) निवासी एक महिला 16 जनवरी से उनके साथ सहमति संबंध में रह रही थी। दोनों 19 जनवरी से हिसार के सुरक्षित आवास में रह रहे थे। इसी दौरान महिला के पति ने लोहारू थाने में शशि की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शशि ने पुलिस के सामने अपने पति के साथ जाने से इन्कार कर दिया था। मामला शांत होने की उम्मीद में वह 30 जनवरी को महिला के साथ अपने घर गुराना आ गया था। इसी बीच दो फरवरी को अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे नृपेंद्र, नितेश, प्रदीप और गुराना निवासी सोनू सहित 4-5 अन्य लोग दीवार कूदकर घर में घुस आए।
आरोप है कि उनके हाथों में हॉकी, डंडे और लोहे की रॉड थी। घर में घुसते ही आरोपियों ने मोनू और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार हमलावर शशि को जबरन घसीटते हुए बाहर ले गए और गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया। हमले में चार लोग घायल हो गए थे। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अगर शशि से मिलने की कोशिश की तो जान से मार देंगे।