हिसार। आखिर नौ साल बाद घोड़ा फार्म रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की राह खुल गई है। बीएंडआर विभाग ने टेंडर लगा दिया है, जो जल्द ही अलॉट कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले माह से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है? तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2016 में इस आरओबी के बनाने की घोषणा की थी। इसके बनने से साउथ बाईपास फाटक मुक्त हो जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद बीएंडआर विभाग ने आरओबी की ड्राइंग बनवाने व मंजूर करवाने के लिए अगस्त 2017 में कंसल्टेंट नियुक्त किया था। सबसे पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की मंजूरी की जरूरत पड़ी, क्योंकि इसके निर्माण में शिक्षण संस्थानों के लिए छोड़ी गई जमीन व 45 फीट की सड़क आड़े आ रही थी। इसे देखते हुए बीएंडआर विभाग ने ड्राइंग में कुछ फेरबदल किए। इसके बाद एचएसवीपी मुख्यालय ने निर्माण की मंजूरी दी। इसके बाद बीएंडआर ने ड्राइंग बनवाकर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजी, लेकिन आरओबी में दिए गए 22 डिग्री के घुमाव पर आपत्ति जता दी गई। स्थानीय अधिकारियों ने इस बारे में मुख्यालय को संतुष्ट किया कि यह घुमाव पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा। इस पर मुख्यालय ने भी अपनी मंजूरी दे दी।
जून 2021 में रेलवे को मंजूरी के लिए भेजी गई थी ड्राइंग
बीएंडआर ने जून 2021 में आरओबी की ड्राइंग को रेलवे के पास मंजूरी के लिए भेजा। मगर ड्राइंग पास करवाने के लिए नियुक्त कंसल्टेंट की कार्यप्रणाली ठीक न रहने की वजह से यह पास नहीं हो सकी। आखिर में अधिकारियों ने कंसल्टेंट पर क्लॉज तीन लगाकर उसे हटा दिया और नए कंसल्टेंट को नियुक्त किया। जुलाई 2024 में रेलवे ने इस ड्राइंग को मंजूरी दे दी।
890 मीटर लंबा होगा आरओबी
आरओबी की लंबाई करीब 890 मीटर होगी। यह शहर का दूसरा सबसे लंबा आरओबी होगा। इसकी चौड़ाई 12 मीटर होगी, जिसमें वाहनों के लिए चलने वाले हिस्से की चौड़ाई 11 मीटर होगी। फिलहाल सूर्य नगर आरओबी शहर का सबसे लंबा आरओबी है, जिसकी लंबाई 1185 मीटर है। इसके अलावा कैमरी रोड पर बने आरओबी की लंबाई करीब 580 मीटर और सातरोड के पास साउथ बाईपास पर निर्माणाधीन आरओबी की लंबाई करीब 658 मीटर है।
कई सेक्टरों के लोगों का होगा फायदा
साउथ बाईपास पर तीन रेलवे फाटक थे। इनमें से सेक्टर 16-17 रेलवे फाटक पर आरओबी बन चुका है और सातरोड के पास आरओबी का निर्माण जारी है। घोड़ा फार्म रेलवे फाटक पर आरओबी बनने से यह बाईपास फाटक मुक्त हो जाएगा। इस आरओबी के बनने से ऋषि नगर एरिया, सेक्टर 14, सेक्टर 14 पार्ट टू व सेक्टर 33 के निवासियों को फायदा होगा। फिलहाल इस बाईपास से प्रतिदिन 10 हजार वाहन गुजर रहे हैं।
-
घोड़ा फार्म के पास प्रस्तावित आरओबी का टेंडर खुल चुका है। जल्द ही औपचारिकताएं पूरी कर टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा। अगले माह आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। -सचिन भाटी, एक्सईएन, बीएंडआर