हिसार। कीटाणुओं से बचने के लिए साबुन और पानी से कम से कम 30 सेकंड तक हाथ धोना जरूरी है। चिकित्सकों के अनुसार, सार्वजनिक स्थान से घर लौटने और खाना खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ करना चाहिए। लापरवाही बरतने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है और व्यक्ति बीमार पड़ सकता है।
कोरोना काल में लोगों ने हाथों की सफाई और सैनिटाइजर के महत्व को समझा था। उस दौरान लोग बार-बार हाथ साफ करते थे, लेकिन अब कई लोग साधारण पानी से भी हाथ ठीक से धोने में परहेज करते हैं। हाथ धोने के बाद उन्हें साफ कपड़े से पोंछना चाहिए। हाथों के जरिए फैलने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए हर साल 15 अक्तूबर को हैंडवॉश-डे मनाया जाता है।
हाथ धोना ही नहीं, सही तरीका भी जरूरी
बिना हाथ धोए खाना खाने या अन्य काम करने से कीटाणु शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। ये कीटाणु दिखाई नहीं देते, लेकिन संक्रमण का कारण बन सकते हैं। इसलिए हाथों को साबुन से अच्छी तरह मलकर धोना चाहिए।
हम अधिकतर काम हाथों से ही करते हैं। ऐसे में साबुन से हाथ धोना बहुत जरूरी है। पहले हाथों पर साबुन अच्छी तरह मलें और फिर पानी से धोएं। हाथों की सफाई में लापरवाही से संक्रमण हो सकता है, जो आगे चलकर बीमारी का रूप ले सकता है। दिन में चार से पांच बार हाथ जरूर धोने चाहिए।
- डॉ. प्रभुदयाल, एसएमओ, जिला नागरिक अस्पताल।